छत्तीसगढ़ में ग्रामीण परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में योजना के तहत पूर्ण किए गए 4600 पक्के आवासों में हितग्राही परिवारों ने विधिवत गृह प्रवेश किया।

प्रदेश स्तरीय गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन जांजगीर में किया गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राही परिवारों को नवनिर्मित पक्के मकानों की सौगात दी गई।

इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के 4600 पूर्ण आवासों में परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया। पक्के मकान मिलने से इन ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवास की सुविधा मिली है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का कार्य जारी है। योजना से परिवारों को असुरक्षित एवं कच्चे मकानों से राहत मिलने के साथ उनके जीवन में स्थायित्व और बेहतर आवासीय परिस्थितियों का आधार मजबूत हो रहा है।
4600 परिवारों के लिए गृह प्रवेश का यह अवसर नई खुशियों और उम्मीदों की शुरुआत का प्रतीक बना। पक्की छत मिलने के साथ इन परिवारों को सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत आधार मिला है।








