विश्व हिंदू परिषद के हित चिंतक अभियान से घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता, जिले के प्रत्येक परिवार तक पहुंचने का लक्ष्य

विश्व हिंदू परिषद ने जिले में संगठन विस्तार और जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से हित चिंतक अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने की रणनीति बनाई है। इसी सिलसिले में शनिवार को पटियाला हाउस में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों और अभियान की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मध्य भारत क्षेत्र के क्षेत्र संगठन मंत्री राजाराम जी, प्रांत अध्यक्ष डॉ. ललित मखीजा एवं प्रांत सह मंत्री विजय राठौर का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस दौरान जिले के प्रत्येक क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर परिवारों से सीधा संपर्क स्थापित करने और उन्हें संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
अभियान के तहत मोबाइल ऐप के माध्यम से परिवारों से संपर्क स्थापित करने तथा उन्हें विश्व हिंदू परिषद की गतिविधियों और उद्देश्यों से अवगत कराने पर जोर दिया गया। जिला अध्यक्ष हर्ष छाबरिया ने कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में विश्व हिंदू परिषद के साथ बजरंग दल, मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और समाज के बीच सक्रिय रहकर जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन जिला मंत्री प्रकाश साहू ने किया। इस अवसर पर संगठन के विभिन्न पदाधिकारी और जिले के अलग-अलग प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विश्व हिंदू परिषद का हित चिंतक अभियान जिले के प्रत्येक परिवार तक पहुंचने, समाज के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और संगठनात्मक संपर्क को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।








