टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 10 सितंबर को पेंड्रा में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के आदेश एवं खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.आई. मिंज के मार्गदर्शन में शासकीय बहुउद्देशीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा के एनसीसी छात्र-छात्राओं और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली मल्टीपर्पज स्कूल से पदगंवा तक निकाली गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया।
रैली के समापन के बाद मल्टीपर्पज स्कूल चौक में छात्र-छात्राओं ने टीबी से बचाव और जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके जरिए लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. जे.एस. कंवर ने टीबी मुक्त ग्राम पंचायत, टीबी मरीजों के लिए पोषण आहार और निश्चय मित्र योजना की जानकारी दी। वहीं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद कुमार सोनी ने उपस्थित लोगों को टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला के प्राचार्य डी.आर. भार्गव, डीटीसी राम रतन कश्यप, बीपीएम अरविंद कुमार सोनी, आरएमए नितेश गुप्ता, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक ओम प्रकाश जायसवाल और टी.एस. लहरे का विशेष सहयोग रहा।









