
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग की त्वरित कार्रवाई
अंशु सोनी
अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 4 ट्रैक्टर और 1 हाईवा वाहन जब्त
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग की टीम ने 4 ट्रैक्टर और 1 हाईवा वाहन को जब्त किया है।
खनिज विभाग के अनुसार, सिवनी से रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 2 ट्रैक्टर, मजगवां से 1 ट्रैक्टर, पड़वनिया से ईंट निर्माण के लिए मिट्टी के अवैध परिवहन में 1 ट्रैक्टर तथा पकरिया से गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त 1 हाईवा वाहन को जब्त किया गया।
जब्त वाहनों में से 2 ट्रैक्टरों को सिवनी चौकी तथा 2 ट्रैक्टर और 1 हाईवा वाहन को अमरपुर पुलिस लाइन में सुरक्षित रखा गया है। विभाग द्वारा जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच कर समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के अनुरूप खनिज विभाग द्वारा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।









