
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का जताया आभार, कहा—पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाऊंगा जिम्मेदारी
बिलासपुर। डॉ. धर्मेंद्र दास को आयुष विश्वविद्यालय के प्रबंधन बोर्ड में सदस्य नामांकित किया गया है। यह नामांकन छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत किया गया है। विश्वविद्यालय अधिनियम 21/2008 की धारा 19(2) के अंतर्गत प्रबंधन बोर्ड के लिए तीन सदस्यों को नामांकित किया गया है।
प्रबंधन बोर्ड में सदस्य नामांकित किए जाने पर डॉ. धर्मेंद्र दास ने छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके लिए वे स्वास्थ्य मंत्री के हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
डॉ. धर्मेंद्र दास ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं प्रदेश के चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र के हित में अपनी जिम्मेदारी का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करना उनका प्रयास रहेगा। उन्होंने इस जिम्मेदारी को सम्मान के साथ-साथ महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए कहा कि वे इसे पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
डॉ. धर्मेंद्र दास चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। वे स्वशासी समिति, शासकीय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सदस्य भी हैं। आयुष विश्वविद्यालय के प्रबंधन बोर्ड में उनका नामांकन बिलासपुर के चिकित्सा एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








