पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड क्रमांक 14 में लगभग 13 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमि पूजन विधिवत सम्पन्न हुआ। सामुदायिक भवन के निर्माण से वार्डवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।

वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए पार्षद देवी प्रसाद सिंह ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए मांग रखी थी। इसके बाद लगभग 13 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर अब निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान, उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, कार्यपालन अभियंता, पार्षद देवी प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

पार्षद देवी प्रसाद सिंह ने कहा कि सामुदायिक भवन वार्डवासियों की आवश्यकता को देखते हुए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भवन बनने के बाद स्थानीय लोगों को विभिन्न आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा। उन्होंने भवन की स्वीकृति में सहयोग के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित वार्डवासियों ने सामुदायिक भवन की स्वीकृति एवं निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन बनने से वार्ड में होने वाले सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधा बढ़ेगी।









