गौरेला। राज्य में चल रहे साइबर जागृति अभियान के तहत गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही पुलिस द्वारा एसएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जोगीडोंगरी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
साइबर सेल पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान OTP, PIN, CVV, बैंकिंग पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

छात्रों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध APK या मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, UPI फ्रॉड और साइबर ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी या अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।









