
आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर जिले में गरबा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों के बीच विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने गरबा आयोजनों की सांस्कृतिक गरिमा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को संयुक्त ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने ज्ञापन में कहा कि गरबा शक्ति उपासना से जुड़ा पारंपरिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और परिवार शामिल होते हैं। संगठन का कहना है कि कुछ आयोजनों में अशोभनीय गीत-संगीत, अभद्र व्यवहार, नशाखोरी एवं अन्य अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसे देखते हुए आयोजनों में सुरक्षा और अनुशासन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।

कलेक्टर से ये मांगें
ज्ञापन में कलेक्टर से जिले में आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों के लिए आवश्यक अनुमति व्यवस्था सुनिश्चित करने, आयोजकों से कार्यक्रम के गीत-संगीत, समय-सीमा, सुरक्षा एवं अनुशासन संबंधी लिखित आश्वासन लेने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई। संगठन ने नियमों का उल्लंघन होने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी रखी।
SP से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
पुलिस अधीक्षक से गरबा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, छेड़छाड़, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी, महिलाओं एवं नाबालिगों की सुरक्षा के लिए उचित प्रवेश व्यवस्था तथा सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। थाना स्तर पर गरबा आयोजकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
संगठन ने कहा कि ज्ञापन का उद्देश्य नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा कार्यक्रमों में सुरक्षा, अनुशासन और पारिवारिक वातावरण सुनिश्चित कराना है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बजरंग दल बिलासपुर विभाग संयोजक सागर पटेल, विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री प्रकाश साहू, जिला सह मंत्री निखिल परिहार सहित देवांश तिवारी, शनि पटेल, केशव पांडे, प्रिया त्रिवेदी, विभा तिवारी, रामेश्वरी धुर्वे, अनीता माझी, रुक्मणि तिवारी, कंचन मिश्रा, पुरन यादव, रूपेश साहू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









