सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर कलेक्टर सख्त, तेज रफ्तार और तीन सवारी पर कार्रवाई के निर्देश
जिले में बढ़ते सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर विजय दयाराम के. ने की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में परिवहन, पुलिस, यातायात, राजस्व, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तेज रफ्तार वाहन चलाने और दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर लगेंगे संकेतक और स्पीड ब्रेकर
कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित चौक-चौराहों, तिराहों और मोड़ों को चिन्हांकित कर आवश्यकतानुसार सांकेतिक बोर्ड, गति सीमा संबंधी बोर्ड और गति अवरोधक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों के ड्राइविंग लाइसेंस के लिए लगेंगे विशेष शिविर
बैठक में 16 वर्ष से अधिक आयु के पात्र स्कूली विद्यार्थियों के लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद पात्र आवेदकों के स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्यालयों और अन्य माध्यमों से विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
सड़क से हटाए जाएंगे आवारा पशु
मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर ने पशुओं को सड़कों से हटाकर गौशालाओं में रखने तथा उनके संरक्षण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं गौरेला शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए बस संचालकों को निर्धारित रूट चार्ट का अनिवार्य रूप से पालन कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले राहगीर यश राठौर सम्मानित
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले राहगीर यश राठौर को सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने उनके मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद घायल को समय पर चिकित्सा सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आम नागरिकों से भी दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल मदद कर नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की अपील की।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री राहत योजना के क्रियान्वयन से संबंधित जागरूकता बैनर का अनावरण किया गया। इसके माध्यम से सड़क दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को उपलब्ध राहत एवं सहायता संबंधी प्रावधानों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी निशांत कुमार, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे सहित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









