विभागीय जिम्मेदारी के बीच जनसेवा की पहल, जर्जर पुल की सड़क कराई जा रही मरम्मत

बसंतपुर पेंड्रा मार्ग पर लंबे समय से बदहाल थी पुल की सड़क, गड्ढों के कारण बनी रहती थी दुर्घटना की आशंका

पेंड्रा और बसंतपुर के बीच रेलवे लाइन के ऊपर बने पुल की जर्जर सड़क को दुरुस्त कराने की पहल विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया ने की है। लंबे समय से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

 

पुल के नीचे रेलवे लाइन होने के कारण यह मार्ग दुर्घटना की दृष्टि से भी संवेदनशील माना जा रहा था। सड़क की खराब स्थिति के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ एम्बुलेंस, स्कूली वाहनों, बसों और ट्रकों के आवागमन में भी परेशानी हो रही थी। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब होने की बात स्थानीय लोगों ने बताई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की बदहाली को लेकर लंबे समय से समस्या बनी हुई थी। संबंधित विभागों से जिम्मेदारी को लेकर जानकारी लेने पर रेलवे विभाग और पीडब्ल्यूडी के बीच जिम्मेदारी स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। विभागीय जिम्मेदारी के बीच सड़क की मरम्मत का इंतजार स्थानीय लोगों को करना पड़ रहा था।

 

ऐसे में हर्ष छाबरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं पहल की। उनके प्रयास से पुल की सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया है। मजदूरों की मदद से सड़क के गड्ढों और खराब हिस्सों को दुरुस्त करने का काम फिलहाल जारी है।

 

सड़क की मरम्मत शुरू होने से स्थानीय लोगों में राहत है। लोगों ने लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के लिए की गई पहल की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!