अंशु सोनी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
गौरेला के रानी दुर्गावती चौराहा के पास आईटीआई गौरेला एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की बालिकाओं ने नुक्कड़ नाटक और रंगोली के माध्यम से युवा शक्ति, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं “पच्चीस करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” थीम के तहत जिले के सभी 905 शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ड्रॉइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक शिक्षा, तकनीकी प्रगति, आत्मनिर्भरता, सामाजिक एकता और सशक्त राष्ट्र की अपनी कल्पना को चित्रों एवं भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला। सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों एवं युवाओं ने विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।








