मेरे सपनों का भारत’ की थीम पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, चित्रकला-रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न संकुलों में आयोजन, विजेता विद्यार्थियों को दिए गए प्रमाण पत्र

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को जिले के विभिन्न संकुलों में ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ थीम पर चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

विकासखंड गौरेला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा में आयोजित संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने चित्रों, रंगोली और भाषण के माध्यम से अपने सपनों के भारत, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिभा के साथ संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना को बढ़ावा देते हैं।

वहीं, सेवा संकल्प अभियान के तहत हायर सेकेंडरी स्कूल सरकारी पारा पेंड्रा में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत न्योता भोज का भी आयोजन किया गया। इसमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बच्चों के साथ भोजन कर सामुदायिक सहभागिता और जुड़ाव का संदेश दिया।

इन गतिविधियों के माध्यम से जिले में सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी, शिक्षा, पोषण, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!