सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलेभर में करीब 2 लाख आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम पेंड्रा के मल्टीपर्पस स्कूल मैदान में हुआ, जहां 11 हजार दीपों से मैदान जगमगा उठा।

दीप प्रज्वलन के साथ दुर्गा सरोवर सहित जिले के अमृत सरोवरों, ग्राम पंचायतों, महिला स्व-सहायता समूहों, प्रधानमंत्री आवास एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों तथा विभिन्न शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं ने भी सहभागिता निभाई।
दीप प्रज्वलन के बाद मल्टीपर्पस स्कूल के असेम्बली हॉल में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर संबोधित किया।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़ी विभिन्न पहलों और योजनाओं को प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में अंतरिक्ष मिशन, डिजिटल इंडिया, सर्जिकल स्ट्राइक सहित विभिन्न विषयों को शामिल किया गया।
इस दौरान विधायक मरपच्ची ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई और स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलाड़ी, डीएफओ कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे।









