पेंड्रा के अग्रसेन भवन में रक्तदान शिविर, 30 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
अग्रसेन भवन पेंड्रा में स्वास्थ्य विभाग और अग्रवाल समाज के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिविर में कुल 30 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। वहीं अग्रवाल समाज के 11 सदस्यों ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. वेदेंद्र सिंह पैकरा, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष श्री सीताराम महलवाला सहित समाज के सदस्य और नागरिक मौजूद रहे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए जागरूक करना रहा। इस दौरान बताया गया कि दुर्घटना पीड़ितों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को कई बार आपात स्थिति में तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है।
ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने वाला कदम साबित हो सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से भी रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की गई।
शिविर ने समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश दिया।









