सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग का एक्शन, अवैध रेत-गिट्टी परिवहन में 8 ट्रैक्टर जब्त
जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच की और अवैध रेत एवं गिट्टी परिवहन करते पाए गए 8 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान ग्राम खंता से रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर, रूमगा से 2, चिचगोहना से 1, कोरजा से 1 और लालपुर से 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया। वहीं कोटमी से गिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 ट्रैक्टर वाहन पकड़ा गया।
जब्त वाहनों में 4 ट्रैक्टर गौरेला थाना, 3 कोटमी चौकी और 1 ट्रैक्टर मरवाही थाना में सुरक्षित रखा गया है। वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले में अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के साथ सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इन्हीं निर्देशों के तहत खनिज विभाग द्वारा लगातार मैदानी निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









