शिक्षक दिवस पर 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
डाइट पेंड्रा में आयोजित समारोह में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिले के 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

इस दौरान कलेक्टर ने शिक्षकों की दीर्घकालीन और समर्पित सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और जीवन मूल्यों को दिशा देने वाले राष्ट्र निर्माता हैं।
कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा—
“मैं आज जहां भी हूं, अपने शिक्षकों और गुरुजनों के कारण हूं।”
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल में कई पीढ़ियों को ज्ञान, अनुशासन और संस्कार दिए हैं। उनका अनुभव आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि से हुई।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने स्वागत संबोधन दिया, जबकि डाइट की प्राचार्य श्रीमती अल्का शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया।
शिक्षक दिवस का यह आयोजन उन शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश बना, जिन्होंने वर्षों तक शिक्षा के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।









