कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पेंड्रा में रुद्र युवा समिति द्वारा भव्य 21 फीट मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न युवा समितियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान युवाओं के जोश और दर्शकों के उत्साह से पूरा माहौल कृष्ण भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।
प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने भाग लिया, जिनमें फिजिकल कॉलेज, कंचनडीह ग्रुप, बालाजी राइडर्स और श्री राम की सेना शामिल रहीं। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में मटकी की ऊंचाई 21 फीट रखी गई। इस ऊंचाई पर किसी भी टीम को मटकी फोड़ने में सफलता नहीं मिली।

इसके बाद प्रतियोगिता को रोमांचक बनाने के लिए मटकी की ऊंचाई घटाकर 19 फीट कर दी गई। 19 फीट की ऊंचाई पर फिजिकल कॉलेज ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मटकी फोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कंचनडीह ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रथम विजेता फिजिकल कॉलेज ग्रुप को 31 हजार रुपये नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं द्वितीय विजेता कंचनडीह ग्रुप को 11 हजार रुपये नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
राधा-कृष्ण नृत्य रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण नृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में रही। दर्शकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ युवाओं की ऊर्जा और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला। जिलेभर में जन्माष्टमी पर्व को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया।
रुद्र युवा समिति ने किया आयोजन
मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन रुद्र युवा समिति द्वारा किया गया। आयोजन में शिखर सूर्यवंशी, मन्नू जैन, मिहिर मित्तल, मुकुल अग्रवाल, निखिल मालानी, ओम ताम्रकार, प्रांजुल केसरी, प्रथम सतुवाला, राहुल अग्रवाल, राजा गुप्ता, राम सोनी, सक्षम गुप्ता, शुभम अग्रवाल, शुभम सोनी, सौरभ केशरवानी, उमंग सतुवाला, विशाल जाधव एवं विवान आसनानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति के सदस्यों ने सभी प्रतिभागी टीमों, दर्शकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।









