मरवाही वन परिक्षेत्र में मृत भालू के नाखून काटकर ले जाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया है। डॉग स्क्वॉड की मदद से की गई पतासाजी के बाद आरोपियों के कब्जे से भालू के चार नाखून बरामद किए गए हैं।
वन विभाग के अनुसार, 3 सितंबर को मरवाही वृत्त के उसाढ़ परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 2035 में एक भालू मृत अवस्था में मिला था। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया तो मृत भालू के पिछले दाएं पंजे के चार नाखून गायब मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया और डॉग स्क्वॉड की सहायता से क्षेत्र में पतासाजी की गई। कार्रवाई के दौरान ग्राम बरौर निवासी सुदर्शन यादव (54 वर्ष) और सूरज साहिस (20 वर्ष) को पकड़ा गया। दोनों के कब्जे से मृत भालू के चार नाखून बरामद कर जब्त किए गए।
आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इधर, मृत भालू का पशु चिकित्सकों की टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। प्रथम दृष्टया भालू की मौत का कारण तीव्र फेफड़ों का संक्रमण बताया गया है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृत भालू का विधिवत दाह संस्कार किया गया।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी मृत वन्यजीव के शव या उसके अंगों के साथ छेड़छाड़ न करें और ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें।









