पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। नया बस स्टैंड के आगे रॉयल पैलेस के पास टाटा मैजिक और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में गौरेला के ज्योतिपुर निवासी आशीष माइकल की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मैजिक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पेंड्रा पुलिस जुटी है।

जानकारी के अनुसार, आशीष माइकल रिवॉल्विंग चेयर रिपेयरिंग का काम करता था। वह शुक्रवार को काम के सिलसिले में पेंड्रा आया था। काम पूरा करने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर ज्योतिपुर लौट रहा था। इसी दौरान पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर उसकी बाइक सामने से आ रही टाटा मैजिक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशीष की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को 108 संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की पतासाजी की जा रही है।
हादसे के बाद सड़क और बाईपास को लेकर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग की स्थिति और बाईपास निर्माण का मुद्दा चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव बना रहता है, जबकि सड़क की खराब स्थिति और बाईपास का अभाव दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं।
लोगों का आरोप है कि सड़क सुधार और बाईपास निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक ठोस पहल नजर नहीं आ रही। हादसे ने एक बार फिर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा, मार्ग की स्थिति में सुधार और बाईपास निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों की चिंताएं फिर सामने आई हैं।









