चित्रकला, निबंध और रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ली संरक्षण की शपथ।

वन परिक्षेत्र खोडरी में वन्यजीव सप्ताह 2026 का समापन वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के संकल्प के साथ किया गया। 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित सप्ताहभर के कार्यक्रमों के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा, प्राकृतिक आवासों के संरक्षण और अवैध शिकार की रोकथाम को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

समापन समारोह 8 अक्टूबर को आयोजित हुआ, जिसमें चित्रकला, निबंध और रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और अन्य लोगों ने वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की शपथ ली।

वन्यजीव सप्ताह के दौरान एंटी-स्नेर वॉक, विद्यालयों में जागरूकता रैली, ग्राम सभाओं के माध्यम से जनसंवाद, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा वन्यजीवों के सुरक्षित आवासों के निरीक्षण जैसी गतिविधियां प्रस्तावित थीं। साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और वन्यजीवों के आवागमन वाले संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में उपवनमंडल अधिकारी गौरेला, सरपंच, उपसरपंच, जनप्रतिनिधि, वन परिक्षेत्र अधिकारी खोडरी तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा, अवैध शिकार की रोकथाम तथा पर्यावरण संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
‘वन्यजीवों की रक्षा, प्रकृति की सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य’ के संदेश के साथ वन्यजीव सप्ताह 2026 का समापन हुआ।









