मतदाता सूची से छूटे लोगों की होगी पहचान, घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

जिले के सभी बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण, घर-घर जाकर होगा सत्यापन; नए मतदाताओं के पंजीयन पर भी जोर।

जिले में मतदाता सूची के पुनर्सत्यापन और नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए एक माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों का सत्यापन करेंगे और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीयन में सहयोग करेंगे।

 

इसी सिलसिले में गौरेला स्थित एकीकृत आदिवासी विकास विभाग के परियोजना कार्यालय में जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को अभियान का कार्य गंभीरता और प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

 

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर अंबूज मिश्रा और अनिल वर्मा ने अभियान की कार्ययोजना, आवश्यक दस्तावेजों तथा बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी। अभियान के दौरान मतदान केंद्र स्तर पर प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

 

प्रशासन ने बीएलओ को घर-घर सत्यापन के साथ आवेदन संबंधी जानकारी का व्यवस्थित संधारण करने और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!