GPM- यात्री बस में 1.22 करोड़ का गांजा,बस की आड़ में गांजा तस्करी का खेल,बस चालक समेत दो गिरफ्तार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री बस से करीब 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में बस चालक एवं उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पेंड्रा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना के आधार पर की। जांच के दौरान Jaguar Travels की टाटा 44 सीटर स्लीपर बस क्रमांक OD30D0606 से गांजा बरामद हुआ। गांजे को 49 पैकेटों में रखा गया था और प्रत्येक पैकेट में करीब 5 किलो गांजा था।

मामले में पुलिस ने दिलीप कुमार हिंडिया, निवासी नायपुरा, मलकानगिरी, ओडिशा को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बस का मालिक और चालक होना तथा गांजे के परिवहन में शामिल होना बताया है। वहीं दूसरे आरोपी भीमसेन केवट, निवासी धनौरा, मौहरपारा, मरवाही को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक भीमसेन कटघोरा से बस में सवार हुआ था और चालक को आगे का रास्ता बताते हुए उसके साथ आ रहा था।

पूछताछ में मलकानगिरी से गांजा लेकर कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने तस्करी के संभावित रूट मलकानगिरी-बोरई-धमतरी-रायपुर-बिलासपुर-पाली-कटघोरा-पसान-पेंड्रा की भी जानकारी दी है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 245 किलो गांजा, करीब 50 लाख रुपये कीमत की बस और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में धारा 20(b)(II), 29 NDPS Act के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस अब इस नेटवर्क के सप्लायर, परिवहनकर्ता, रिसीवर और अन्य सहयोगियों की पहचान में जुटी है। साथ ही तस्करी से अर्जित अवैध धनराशि और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में पेंड्रा थाना, खोंडरी चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!