पेंड्रा में आयोजित सेवा सेतु शिविर, अन्नप्राशन-गोद भराई के साथ स्वच्छता दीदियों का सम्मान,हितग्राहियों को मिला लाभ

सेवा सेतु शिविर में अन्नप्राशन-गोद भराई के साथ स्वच्छता दीदियों का सम्मान

पेंड्रा। सेवा सेतु अभियान के तहत जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद पेंड्रा के संयुक्त तत्वावधान में पेंड्रा के असेंबली हॉल में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।

 

शिविर में कुल 207 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 197 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इससे नागरिकों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और उन्हें एक ही स्थान पर शासकीय सेवाओं का लाभ मिला।

शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से मातृ एवं शिशु पोषण के महत्व का संदेश दिया गया। वहीं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के साथ योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने की पहल की गई।

 

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान, उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, एसडीएम विक्रांत अंचल, तहसीलदार शेषनारायण जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमलदीप मिंज सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!