जिला समन्वयक आशुतोष आनंद दुबे हुए सम्मानित, जीपीएम के साहित्यकारों ने की सहभागिता
पेंड्रा। छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का दसवां प्रांतीय सम्मेलन 26 एवं 27 सितंबर 2026 को द किंग्स होटल, बेमेतरा में आयोजित हुआ। सम्मेलन आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा एवं सचिव अभिलाषा बेहार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू सहित भाषाविद्, कवि, साहित्यकार, लोक कलाकार एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों के जिला समन्वयक शामिल हुए। सुप्रसिद्ध कवि मीर अली मीर, भाषाविद् एवं आलोचक डॉ. चितरंजन कर तथा छत्तीसगढ़ मित्र पत्रिका के संपादक डॉ. सुधीर शर्मा सहित अनेक साहित्यकारों ने सहभागिता की।
सम्मेलन में जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के जिला समन्वयक आशुतोष आनंद दुबे को सत्र संचालन के लिए छत्तीसगढ़ी राजकीय गमछा एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने ‘सोशल मीडिया, पत्र-पत्रिका और एआई में छत्तीसगढ़ी’ विषयक विशेष सत्र का कुशल संचालन किया।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रचार-प्रसार, साहित्य एवं व्याकरण को समृद्ध करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। ‘पुरखा के सुरता’ सत्र में दिवंगत साहित्यकारों एवं कवियों के जीवन और साहित्यिक योगदान पर वक्ताओं ने प्रकाश डाला।
जीपीएम जिले से साहित्यप्रेमी एवं साहित्यकार भीष्म त्रिपाठी, सूर्यप्रकाश महंत, हिमांशु दुबे, प्रतिभा दुबे एवं प्रमोद कुमार यादव सहित प्रतिभागियों ने सम्मेलन में सहभागिता की। सूर्यप्रकाश महंत ने काव्यपाठ भी किया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र तथा अंत में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की ओर से सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
सम्मेलन को सफल बनाने में आयोग के जिला समन्वयकों, कवियों एवं साहित्यकारों का विशेष योगदान रहा।









