8632f8d3-397b-45e3-bd8d-15d089837f55

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 17 सितंबर 2026। जिले के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने जिला प्रवास के दौरान गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत धनौली का दौरा किया। उन्होंने पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही कार्तिक राम बैगा और धीरपाल सिंह बैगा से मुलाकात कर उनके नवनिर्मित आवासों का अवलोकन किया।
इस दौरान धीरपाल सिंह बैगा की पत्नी भानुकला बैगा ने बताया कि वे बिहान महिला स्वसहायता समूह से जुड़कर बकरी पालन सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियां संचालित कर रही हैं और लखपति दीदी बनी हैं। मंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।
आयुष्मान हितग्राही से भी मिले मंत्री
प्रभारी मंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के हितग्राही नेमचंद गुर्जर से मुलाकात कर उनके परिवार से स्वास्थ्य एवं योजना के लाभों की जानकारी ली। श्री गुर्जर ने बताया कि उन्होंने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार कराया तथा रेबीज का टीकाकरण भी करवाया है।
इस दौरान गुर्जर परिवार ने मंत्री को आत्मीयता से भुट्टा खिलाया। मंत्री ने परिवार के स्नेह के लिए धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सहभागिता की अपील की।
भ्रमण के दौरान विधायक प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैक्रा, कलेक्टर विजय दयाराम के., जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।








