गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के मरवाही क्षेत्र में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों की व्यवस्थाओं और ग्रामीण विकास कार्यों का जायजा लिया।
कलेक्टर ने शासकीय हाई स्कूल करहनी पहुंचकर सीधे विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम और विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता को परखा। इस दौरान शिक्षकों को समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने और विद्यार्थियों की पढ़ाई के स्तर में लगातार सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
वहीं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परासी के निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष के कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में कार्य पूरा होने से पहले ही राशि आहरित किए जाने का मामला सामने आने पर कलेक्टर ने एसडीएम मरवाही को आहरित राशि की वसूली के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जनपद पंचायत कार्यालय में कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक लेकर ग्रामीण विकास योजनाओं और लंबित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधूरे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि शासकीय निर्माण कार्यों में वित्तीय नियमों की अनदेखी, लापरवाही और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुल मिलाकर मरवाही दौरे के दौरान कलेक्टर का रुख साफ रहा—पढ़ाई में गुणवत्ता चाहिए और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई।








