नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष देवदत्त सोनी का पेंड्रा में हुआ आगमन
सोनी समाज की बैठक में सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करने पर जोर
जिला एवं तहसील स्तर पर समाज के अध्यक्ष बनाने की मांग, महाराज अजमीढ़ देव जयंती धूमधाम से मनाने पर भी हुई चर्चा
पेंड्रा। सोनी समाज के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री देवदत्त सोनी का 3 अक्टूबर 2026 को पेंड्रा आगमन हुआ। उनके आगमन पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद पेंड्रा नगर के होटल नारायण पैलेस में सोनी समाज की बैठक आयोजित की गई, जो प्रदेश अध्यक्ष देवदत्त सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष देवदत्त सोनी ने समाज को शहर से लेकर गांव तक संगठित करने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को साथ जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में मंदिर एवं धर्मशाला निर्माण सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों को लेकर चर्चा की गई। वहीं सोने-चांदी के व्यवसाय से जुड़े समाज के व्यापारियों की समस्याओं, व्यवसाय को बढ़ावा देने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान समाज के सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे। बैठक में जिले में जल्द ही समाज के जिला अध्यक्ष तथा तहसील स्तर पर अध्यक्ष बनाए जाने की मांग रखी गई, ताकि समाज का संगठनात्मक ढांचा मजबूत हो सके और सामाजिक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
वहीं महाराज अजमीढ़ देव जी की जयंती को पेंड्रा नगर में धूमधाम एवं भव्य रूप से मनाने को लेकर भी चर्चा हुई। समाज के सदस्यों ने जयंती कार्यक्रम में अधिक से अधिक सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में विनोद सोनी, मानिक सोनी, रवि सोनी, कैलास सोनी, बृजेश सोनी, कान्हा सोनी, किशन सोनी, राधेश्याम सोनी, कमलेश सोनी, संजय सोनी, महेश सोनी, पंकज सोनी एवं आनंद सोनी सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।










