वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक ने NH-45 पर सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को श्याम निर्माण प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कंपनी के मैनेजर, पीएम, सेफ्टी एवं एचआर विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सफाई अभियान में शामिल हुए। कर्मचारियों ने सड़क किनारे जमा कचरे और गंदगी की सफाई कर लोगों को सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया।

यह सफाई अभियान ठेंगाडांड से जोबाटोला तथा खोडरी से जोगीसार क्षेत्र तक चलाया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने स्वयं सफाई करते हुए स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि सड़क और उसके आसपास कचरा न फेंकें तथा अपने गांव और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से श्याम निर्माण प्राइवेट लिमिटेड ने स्वच्छता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।









