अनुभव और संस्कारों की धरोहर हैं वरिष्ठजन, वृद्धजन दिवस पर हुआ आत्मीय सम्मान

शॉल, कंबल और श्रीफल भेंट कर वरिष्ठजनों का किया सम्मान, समाज में उनकी गरिमा और सुरक्षा बनाए रखने का दिया संदेश

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा के असेंबली हॉल में वरिष्ठजनों के सम्मान में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठजनों को शॉल, कंबल एवं श्रीफल भेंट कर उनका आत्मीय सम्मान किया गया।

 

कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि वरिष्ठजन परिवार और समाज की अनुभव एवं संस्कारों की धरोहर हैं। जीवन के लंबे अनुभव और ज्ञान के माध्यम से वे नई पीढ़ी को निरंतर मार्गदर्शन देते हैं। वरिष्ठजनों की गरिमा, सुरक्षा और खुशहाली सुनिश्चित करना परिवार के साथ-साथ पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

कार्यक्रम में वितरित किए गए कंबल अंजनी इंडस्ट्रीज द्वारा उपलब्ध कराए गए। इस दौरान वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के., जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा अध्यक्ष राकेश जालान, उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य पूर्णिमा पैकरा, मनीष श्रीवास, राकेश चतुर्वेदी तथा अंजनी इंडस्ट्रीज के गोपाल अग्रवाल एवं संजय गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक नितिन कुमार ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!