GPM में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारी तेज, कलेक्टर ने सर्व समाज से की सहभागिता की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर विजय दयाराम के. ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में सर्व समाज प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों की बैठक ली।

 

बैठक में कलेक्टर ने अभियान की रूपरेखा और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी देते हुए समाज प्रमुखों से अपने-अपने समाज के सदस्यों एवं नागरिकों को अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए अभियान को जिले में व्यापक स्वरूप दिया जाए।

 

कलेक्टर ने अभियान के प्रथम दिवस 17 सितंबर को पेंड्रा के मल्टीपरपस स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दिया’ समारोह में सर्व समाज प्रमुखों एवं नागरिकों को सहभागिता के लिए आमंत्रित किया।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी और वन मंडलाधिकारी निशांत कुमार ने भी अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं कार्ययोजना से समाज प्रमुखों को अवगत कराया।

 

अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति कलश’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

कलेक्टर ने समाज प्रमुखों से अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!