रेलवे ट्रैक से 60 हजार का कॉपर वायर चोरी, तीन गिरफ्तार; अन्य साथियों की तलाश”

चोरी के तार को आपस में बांटकर बेचने की थी तैयारी, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ललाती स्थित रेलवे ट्रैक से रेलवे कार्य में उपयोग होने वाला कॉपर वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी किए गए कॉपर वायर की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए तार को आपस में बांटकर बेचने की तैयारी कर रहे थे।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले में करन धुर्वे (23), अशोक राठौर (19) और निखिल राठौर (18), तीनों निवासी धनगवां, थाना गौरेला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में पेंड्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6 बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अन्य साथियों के शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी कर रही है। इस संबंध में थाना पेंड्रा में अपराध क्रमांक 351/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

 

गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय पेंड्रा रोड में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!