
नाल और प्लेसेंटा सहित मिला शव, अस्पताल रिकॉर्ड में नहीं मिला कोई मेल; पुलिस ने शुरू की जांच
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला अस्पताल परिसर के महिला टॉयलेट में रविवार शाम नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नवजात का शव नाल और प्लेसेंटा सहित फ्लश के पास पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा ने बताया कि टॉयलेट से दुर्गंध आने के बाद वार्ड बॉय ने निरीक्षण किया। इसी दौरान फ्लश के पास नवजात का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अस्पताल के रिकॉर्ड में नहीं मिला कोई संबंध
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने डिलीवरी रूम, लेबर वार्ड और भर्ती मरीजों के रिकॉर्ड की जांच की। सिविल सर्जन के मुताबिक अस्पताल में प्रसव कराने वाली महिलाओं के नवजात शिशु स्वस्थ हैं और रिकॉर्ड में मिले किसी भी प्रसव का इस नवजात से संबंध नहीं पाया गया है।
बाहरी व्यक्ति पर संदेह
डॉ. पैकरा ने बताया कि अस्पताल के वार्ड कंबाइंड हैं और वहां किसी महिला द्वारा बिना किसी की नजर में आए प्रसव होना मुश्किल है। ऐसे में प्रथम दृष्टया आशंका है कि किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा नवजात को अस्पताल के महिला टॉयलेट में लाकर छोड़ा गया हो। हालांकि वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि वार्ड बॉय की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अस्पताल परिसर में पिछले दो-तीन दिनों के  सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके।
शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ  डीएनए सैंपल भी जांच के लिए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पुलिस के अनुसार डीएनए रिपोर्ट और जांच के आधार पर नवजात के परिजनों तथा घटना में शामिल संदिग्धों की पहचान कर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









