पंचायत के विकास कार्यों की ग्राम सभा में होगी समीक्षा: सरपंच

महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत सकोला में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की शुरुआत महात्मा गांधी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं मिष्ठान वितरण के साथ हुई। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, पंचों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
विशेष ग्राम सभा में रोजगार सहायक जमुना प्रसाद सिंदराम ने ग्रामीणों को छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत रोजगार की अवधि 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही मांग के 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में पात्र हितग्राहियों को रोजगार भत्ता दिए जाने के प्रावधान की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
ग्राम स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से गाय पालन शेड, बकरी पालन शेड, मुर्गी पालन शेड और मत्स्य पालन के लिए डबरी निर्माण जैसे कार्यों के लिए ग्रामीणों से आवेदन भी लिए गए। बताया गया कि इन कार्यों का आवंटन आगामी पांच वर्षों में आवश्यकता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
ग्राम पंचायत के सरपंच नारायण सिंह आर्मो ने ग्राम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत की उपयोगिता और आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों की मंजूरी ग्राम सभा के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास के लिए ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। ग्राम पंचायत में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा ग्राम सभा के माध्यम से होने से कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सामंजस्य, एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत का वास्तविक विकास ग्रामीणों की सहभागिता से ही संभव है। वहीं वार्ड पंच आशीष श्रीवास्तव ने ग्राम सभा में ग्रामीणों की नियमित एवं अनिवार्य सहभागिता के महत्व की जानकारी दी और उपस्थित सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और पंचायत स्तर पर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में सरपंच नारायण सिंह आर्मो, उप सरपंच दुर्गेश साहू, कोटवार राजेश्वर पुरी, पंच आशीष श्रीवास्तव, पंचायत प्रतिनिधि शंभू मानिकपुरी सहित पंचगण, ग्रामीण एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में सरपंच ने आगामी नवरात्रि पर्व की ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए विशेष ग्राम सभा के समापन की घोषणा की।









