सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कुड़कई के माता चौरा परिसर में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुड़कई सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ लिया।

शिविर में जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। इस दौरान ग्रामीणों की शुगर, बीपी और आंखों की निःशुल्क जांच भी की गई।
स्वास्थ्य शिविर में पात्र ग्रामीणों के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए। वहीं टीबी के संदिग्ध लक्षण वाले लोगों की स्क्रीनिंग कर उन्हें आगे की जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पेंड्रा भेजा गया।
कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के दिशा-निर्देशन तथा डॉक्टर ए.आई. मिंज के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान बीपीएम राजेश जायसवाल ने उपस्थित ग्रामीणों को समाज से कुष्ठ रोग को दूर करने और नशामुक्ति के लिए संकल्प दिलाते हुए शपथ दिलाई।

शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ग्राम पंचायत और मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके आसपास ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।









