
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सम्मानित कर दी विदाई
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 30 सितंबर 2026। अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए जिले के पांच शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों को कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने सम्मानित किया। खास बात यह रही कि सभी को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन एवं उपादान प्राधिकार पत्र प्रदान किए गए।
कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित समारोह में कलेक्टर ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को तिलक, पुष्पमाला, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन की नई पारी की शुरुआत है। उन्होंने अपने अनुभव और ज्ञान का उपयोग समाजहित में करने तथा आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शन करने का आग्रह किया।
सेवानिवृत्त होने वालों में गिरधारी लाल कश्यप, जितेंद्र सिंह ठाकुर, यशोदा राय, नरेश कुमार सोमावर और सुंदर लाल रजक शामिल हैं।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, जिला कोषालय अधिकारी धनेन्द्र सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








