स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और मरीज-केंद्रित व्यवस्थाओं का किया गया मूल्यांकन

विकासखंड पेंड्रा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आमाडांड में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) की केंद्रीय मूल्यांकन टीम का दो दिवसीय निरीक्षण 28 और 29 सितंबर को संपन्न हुआ। कलेक्टर के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में हुए इस निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और सेवाओं का राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप मूल्यांकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मूल्यांकन दल के सदस्य डॉ. जसवंत कुमार माल एवं डॉ. मोहम्मद मैनुद्दीन एस.के. ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लिया। टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं तथा विभागीय कार्यप्रणाली का बारीकी से परीक्षण किया।
NQAS मूल्यांकन को सफल बनाने में बीएमओ डॉ. ए.आई. मिंज, जिला सलाहकार यजुवेंद्र कश्यप, इमरान खान, मलेरिया सलाहकार संकल्प, बीपीएम राजेश जायसवाल, आरएमए नितेश गुप्ता, आरती ताम्रकार सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अस्पताल प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि मूल्यांकन के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे तथा इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में और मजबूती मिलेगी।









