छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 16 अक्टूबर को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा में युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शासकीय मल्टीपरपज सभागार में शुरू होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @ 2047 के विजन और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प से युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थी और युवा शामिल होंगे।
युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ राज्य गीत की प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य-नाटिका और युवा संवाद जैसे आयोजन होंगे। इसके साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार कार्यक्रम की तैयारियों के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
युवा उत्सव के जरिए युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।









