मरवाही वन मंडल क्षेत्र के ग्राम पंचायत नाका में भालू के हमले से हड़कंप मच गया। बाड़ी में काम कर रही एक महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम नाका निवासी सविता अपनी बाड़ी में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक भालू वहां पहुंचा और महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने एकजुट होकर शोर मचाया, जिसके बाद भालू वहां से जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी शुक्ला प्रसाद और पायलट सुनील कुमार ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में महिला का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
वहीं, इस घटना के बाद नाका गांव और आसपास के इलाकों में भालू की दहशत बढ़ गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में भालू की लगातार मौजूदगी को लेकर चिंता जताई है और वन विभाग से निगरानी एवं सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।









