

मरवाही वनमंडल के वन परिक्षेत्र गौरेला में 02 से 08 अक्टूबर 2026 तक वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न संरक्षण एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य वन्यजीवों की सुरक्षा, प्राकृतिक आवास का संरक्षण, वन्यजीव अपराधों की रोकथाम तथा आमजन में संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

सप्ताह के दौरान फंदामुक्त वन अभियान, जनजागरूकता रैली, वन्यजीव मित्र दिवस, युवा वन्यजीव प्रहरी, सुरक्षित आवास अभियान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
07 अक्टूबर को ऑक्सफोर्ड स्कूल, गौरेला में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें गौरेला क्षेत्र के 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जैव विविधता जैसे विषयों पर चित्र बनाकर वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नामदेव जी रहे। कार्यक्रम एसडीओ गौरेला एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) गौरेला की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
08 अक्टूबर को समापन अवसर पर वन्यजीव सुरक्षा संकल्प लिया गया। वन विभाग ने आमजन से अपील की कि वन्यजीवों का शिकार न करें, जंगल में फंदे न लगाएं, प्राकृतिक आवास को नुकसान न पहुंचाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।

“वन्यजीव बचेंगे, जंगल बचेंगे—तभी प्रकृति बचेगी और हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।”
— वन परिक्षेत्र गौरेला, मरवाही वनमंडल









